Thursday, March 21, 2024

काबुल की कठोर भूमि : विधा के ठोस धरातल पर व्यंग्य रचनाएं

काबुल की कठोर भूमि : विधा के ठोस धरातल पर व्यंग्य रचनाएं 

श्री सुनील जैन राही का नवीनतम संग्रह ' काबुल की कठोर भूमि ' जयपुर के बोधि प्रकाशन से हाल ही में (2023) आया है. इस छोटी सी पुस्तक में राही जी की पच्चीस छोटी छोटी रचनाएं हैं. रचनाओं की संक्षिप्तता के बावजूद इनके विषयों में पर्याप्त विविधता के साथ राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय विषयों पर गहरा निरीक्षण, सामाजिक दृष्टिकोण, सरोकारी विवेचन और सटीक व्यंजना देखी जा सकती है.


सुनीलजी स्वयं को व्यंग्य के उद्दंड विद्यार्थी के रूप घोषित करते रहते हैं, उनमें कितनी उद्दंडता है इस पर टीका तो नहीं कर सकता लेकिन वे केवल व्यंग्य विधा ही नहीं बल्कि साहित्य, समाज और जीवन संस्कृति को सीखने समझने के उपक्रम में सदैव एक विनम्र और कुशाग्र छात्र के रूप में प्रमाणित तो अवश्य ही करते रहते हैं. उनकी कई पुस्तकों, लेखों और रचनाओं में इसका सहज आकलन किया जा सकता है.


यह मुझे अतिरिक्त अवसर उपलब्ध है कि सोशल मीडिया के समूहों में उनकी एक विशिष्ठ और आलोचनात्मक दृष्टि और टिप्पणियां देखने पढ़ने को मिलती रहती हैं. अपने मन की बात और प्रतिक्रिया में यदि वे खरा खरा कहने का साहस रखते हैं तो अन्य विचारों पर असहमति के साथ उसको समझने और अपनी समझ को ठीक कर लेने की विनम्रता और बढप्पन भी उनके एक बेहतर विद्यार्थी होने को सिद्ध करता है. इसी सीखने समझने के क्रम में व्यंग्य की आलोचना विधा में उनकी दो किताबें प्रकाशित और काफी चर्चित हुई हैं.


बहरहाल, यहां बात व्यंग्य संग्रह ' काबुल की कठोर भूमि ' की ही करते हैं. संग्रह की पहली आठ रचनाओं में अफगानिस्तान के हालातों, तालिबानी संस्कृति के परिणामों और वहां के समाज की बदलती स्थितियों में बंदूक की नोक पर पसरी विवशता, कठोरता, स्त्रियों की प्रताड़ना पर व्यंग्यकार उद्वेलित होकर सजग टिप्पणी करता है. कई जगह पाठक के भीतर तक दुख और करुणा का संचार होने लगता है. इन्ही रचनाओं के कारण संकलन का शीर्षक ' काबुल की कठोर भूमि ' बहुत सार्थक बन पड़ा है.


संग्रह की अन्य रचनाएं भीं सुनील जैन राही की व्यंग्य विधा की गहरी समझ और व्यंग्य के  औजारों के उपयोग यथा भाषा, विट, पंच,उपमा, व्यंजना आदि की  प्रभावशीलता को भी स्वीकृति देती हैं. सियासत बदलने से खुश हैं जंगल की अवाम, हंसी का मोहताज जैसी अनेक रचनाओं को पढ़कर इसे आसानी से समझा जा सकता है.


इस संकलन में व्यक्तिगत तौर पर मुझे 'गड्ढे में गद्दा डालकर बैठा व्यंग्यकार ' श्रेष्ठतम और राही जी की व्यंग्य लेखन पर व्यापक पकड़ की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण लगी. रचना में जैसे वे व्यंग्य विधा के सारे औजारों का उपयोग करते हुए अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता और लेखकीय सरोकारों के साथ विसंगतियों, विडंबनाओं के विशाल गड्ढे में देशहित का झंडा फहराते किसी आंदोलनकारी के रूप में जा बैठे हों. यह रचना व्यंग्यकार को उसके वास्तविक धर्म और कर्म का स्मरण भी कराती है और संकल्पित होने को बाध्य भी करती है. संपूर्ण रचना रोचकता से बात तो कहती ही है, उद्वेलित भी करती है. राही जी सच ही लिखते हैं,


' व्यंग्यकार विसंगति को देखकर चुप नहीं रह सकता. समाज, राजनीति, धर्म, मजहब से विसंगति की सड़ांध की गंध से वह विचलित होता है, ऐसी सड़क की खोज में जुट जाता है जहां से सरकार की कार गुजरती हो, आराम परस्त रईसों की बग्गियां निकलती हो, हुक्मरानों के शाही जनाजे का इंतजार करती रियाया रिरियायती हो. इसलिए व्यंग्यकार सत्ता, राजनीति, धर्म, मजहब की आंखों में सबसे ज्यादा चुभने वाली चीज है. वह आइना है, जिसमें भद्दी सूरत भद्दी नजर आती है, चेहरे की चालाकियां आंखों का कमीनापन और रहम की झूठी नजरे स्पष्ट दिखाई देती हैं.'


ऐसी ही सार्थक रचनाओं से गुजरना चाहने वाले पाठकों को सुनील जैन राही का व्यंग्य संग्रह 'काबुल की कठोर भूमि ' अवश्य पढ़ना चाहिए. लेखक को बहुत बधाई और शुभकामनाएं.




( व्यंग्य संग्रह : काबुल की कठोर भूमि, लेखक : सुनील जैन राही, प्रकाशक : बोधि प्रकाशन, जयपुर, मूल्य : 150 रुपए)


ब्रजेश कानूनगो

Sunday, March 17, 2024

वा भई वा : कविता में सार्थक हास्य व्यंग्य

वा भई वा : कविता में सार्थक हास्य व्यंग्य


राम राज्य उतरा भारत भू , वा भई वा!

एक एक रावन है हर सू , वा भई वा !


रोजगार का कोई पुरसाहाल नहीं,

किंतु विश्वगुरु को उद्यत तू ,वा भई वा!


मंच से पढ़ी जाने वाली कविता हमारे यहां बहुत लोकप्रिय रही हैं. एक जमाना था जब साहित्य के जाने माने रचनाकारों से मंच सजा रहता था. शाम ढले शुरू हुआ कवि सम्मेलन या मुशायरा दूसरे दिन सुबह तड़के तक रोशन रहता था, श्रोता जमे रहते थे. तालियों की गूंज बरकरार रहती थी. काव्य के सारे रसों से ओतप्रोत छंदबद्ध कविताएं श्रोताओं के दिलों में सीधे उतर जाती थीं. खासतौर से प्रेम,श्रंगार और वीर रस प्रधान कविताओं के साथ साथ हास्य व्यंग्य की कविताओं को भी बहुत रुचि से सुना जाता था. खूब ठहाके गूंजते, वाह! वाह! के शोर के साथ कई बार सुनाए जाने की फरमाइश भी होती थी.

लेकिन मंचीय कवि सम्मेलनों का वह जलवा अब उतना नहीं रहा. हास्य कविताएं चुटकुलों में बदलती गईं, लगभग स्टैंडअप कॉमेडी की प्रस्तुतियों में बदलती व्यंग्य कविताएं  द्विअर्थी और अपमानित करने वाली टिप्पणियों से भरने लगीं.


ऐसा नहीं है कि सभी ऐसा करते रहे. कुछ सरोकारी और प्रतिबद्ध रचनाकार सार्थक व्यंग्य कविताएं रचते रहे. कवि सम्मेलनों का स्थान छोटी गोष्ठियों ने लिया और लघु साहित्य पत्रिकाओं ने गंभीर कवि व्यंग्यकारों को मंच उपलब्ध कराया. श्री राजेंद्र वर्मा एक ऐसे ही व्यंग्य कवि के रूप में अपना प्रभाव छोड़ते हैं जिन्होंने सामाजिक,राजनैतिक,साहित्यिक तथा अन्य क्षेत्रों में व्याप्त पाखंड और विडंबनाओं पर सार्थक व्यंग्य कविताएं लिखीं हैं. हाल ही में उनका कविता संग्रह 'वा भई वा' पढ़ने को मिला है. श्वेतवर्णा प्रकाशन से आए इस संग्रह में उनकी कुल 90 छंद बद्ध कविताएं संकलित हैं. जिनमें से अधिकांश गजल फॉर्म में हैं. कुछ गीत और नवगीत भी हैं. सभी रचनाएं व्यंग्य कविताएं हैं और हास्य बोध के साथ व्यंग्य का तेवर पूरी तरह बनाए रखती हैं. आलेख के प्रारंभ की पंक्तियां इसी संग्रह की शीर्षक कविता से उद्धृत हैं जिसे बानगी के तौर पर लिया जा सकता है.


राजेंद्र वर्मा जी की इन व्यंग्य कविताओं को पढ़ते हुए हमें बरबस दुष्यंत कुमार और अदम गोंडवी जी की याद आती है. राजेंद्र जी की गजलों में भी सत्ता और व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों और पाखंड से पर्दा हटाने और साहस के साथ कटाक्ष और प्रहार करने की सफल कोशिश स्पष्टतौर पर महसूस की जा सकती है. कवि लिखते हैं ...


धूर्तता पहले भी थी, पर आज के जैसी न थी!

मूढ़ता पहले भी थी, पर आज के जैसी न थी!


झूठ सिंहासन चढ़ा है, सत्य घुटनों पर झुका,

दुष्टता पहले भी थी, पर आज के जैसी न थी!


राजेंद्र वर्मा जी ने गद्य और पद्य दोनों विधाओं में खूब लिखा है. छंद,गीत,गजल,दोहा ,पद,मुक्तक आदि के आलोचनात्मक और उसके सौंदर्य शास्त्र पर भी व्यापक अध्ययन और कार्य किया है. खासतौर पर गजलों को लेकर उनकी पुस्तक भी प्रकाशित हुई है. प्रस्तुत संकलन में छोटी बहर की गजलों को पढ़कर उनकी समझ से प्रभावित हुए बगैर रहा नहीं जा सकता. देखिए...


सच बोलेगा,पछताएगा,

तन्हाई में खो जाएगा!

देश बेच दे,डॉलर ले ले,

वरना पीछे पछताएगा!


ऐसी अनेक सार्थक व्यंग्यधर्मी रचनाओं को इस संकलन में पढ़ा जा सकता है. ये न सिर्फ विसंगतियों पर कटाक्ष करतीं हैं बल्कि पाठक को विचार करने को भी उद्वेलित करती हैं.

श्री राजेंद्र वर्मा जी को इस सार्थक काव्य संग्रह के लिए बहुत बधाई और शुभकामनाएं.


पुस्तक चर्चा :

वा भई वा : कविता में सार्थक हास्य व्यंग्य

ब्रजेश कानूनगो


राम राज्य उतरा भारत भू , वा भई वा!

एक एक रावन है हर सू , वा भई वा !


रोजगार का कोई पुरसाहाल नहीं,

किंतु विश्वगुरु को उद्यत तू ,वा भई वा!


मंच से पढ़ी जाने वाली कविता हमारे यहां बहुत लोकप्रिय रही हैं. एक जमाना था जब साहित्य के जाने माने रचनाकारों से मंच सजा रहता था. शाम ढले शुरू हुआ कवि सम्मेलन या मुशायरा दूसरे दिन सुबह तड़के तक रोशन रहता था, श्रोता जमे रहते थे. तालियों की गूंज बरकरार रहती थी. काव्य के सारे रसों से ओतप्रोत छंदबद्ध कविताएं श्रोताओं के दिलों में सीधे उतर जाती थीं. खासतौर से प्रेम,श्रंगार और वीर रस प्रधान कविताओं के साथ साथ हास्य व्यंग्य की कविताओं को भी बहुत रुचि से सुना जाता था. खूब ठहाके गूंजते, वाह! वाह! के शोर के साथ कई बार सुनाए जाने की फरमाइश भी होती थी.

लेकिन मंचीय कवि सम्मेलनों का वह जलवा अब उतना नहीं रहा. हास्य कविताएं चुटकुलों में बदलती गईं, लगभग स्टैंडअप कॉमेडी की प्रस्तुतियों में बदलती व्यंग्य कविताएं  द्विअर्थी और अपमानित करने वाली टिप्पणियों से भरने लगीं.


ऐसा नहीं है कि सभी ऐसा करते रहे. कुछ सरोकारी और प्रतिबद्ध रचनाकार सार्थक व्यंग्य कविताएं रचते रहे. कवि सम्मेलनों का स्थान छोटी गोष्ठियों ने लिया और लघु साहित्य पत्रिकाओं ने गंभीर कवि व्यंग्यकारों को मंच उपलब्ध कराया. श्री राजेंद्र वर्मा एक ऐसे ही व्यंग्य कवि के रूप में अपना प्रभाव छोड़ते हैं जिन्होंने सामाजिक,राजनैतिक,साहित्यिक तथा अन्य क्षेत्रों में व्याप्त पाखंड और विडंबनाओं पर सार्थक व्यंग्य कविताएं लिखीं हैं. हाल ही में उनका कविता संग्रह 'वा भई वा' पढ़ने को मिला है. श्वेतवर्णा प्रकाशन से आए इस संग्रह में उनकी कुल 90 छंद बद्ध कविताएं संकलित हैं. जिनमें से अधिकांश गजल फॉर्म में हैं. कुछ गीत और नवगीत भी हैं. सभी रचनाएं व्यंग्य कविताएं हैं और हास्य बोध के साथ व्यंग्य का तेवर पूरी तरह बनाए रखती हैं. आलेख के प्रारंभ की पंक्तियां इसी संग्रह की शीर्षक कविता से उद्धृत हैं जिसे बानगी के तौर पर लिया जा सकता है.


राजेंद्र वर्मा जी की इन व्यंग्य कविताओं को पढ़ते हुए हमें बरबस दुष्यंत कुमार और अदम गोंडवी जी की याद आती है. राजेंद्र जी की गजलों में भी सत्ता और व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों और पाखंड से पर्दा हटाने और साहस के साथ कटाक्ष और प्रहार करने की सफल कोशिश स्पष्टतौर पर महसूस की जा सकती है. कवि लिखते हैं ...


धूर्तता पहले भी थी, पर आज के जैसी न थी!

मूढ़ता पहले भी थी, पर आज के जैसी न थी!


झूठ सिंहासन चढ़ा है, सत्य घुटनों पर झुका,

दुष्टता पहले भी थी, पर आज के जैसी न थी!


राजेंद्र वर्मा जी ने गद्य और पद्य दोनों विधाओं में खूब लिखा है. छंद,गीत,गजल,दोहा ,पद,मुक्तक आदि के आलोचनात्मक और उसके सौंदर्य शास्त्र पर भी व्यापक अध्ययन और कार्य किया है. खासतौर पर गजलों को लेकर उनकी पुस्तक भी प्रकाशित हुई है. प्रस्तुत संकलन में छोटी बहर की गजलों को पढ़कर उनकी समझ से प्रभावित हुए बगैर रहा नहीं जा सकता. देखिए...


सच बोलेगा,पछताएगा,

तन्हाई में खो जाएगा!

देश बेच दे,डॉलर ले ले,

वरना पीछे पछताएगा!


ऐसी अनेक सार्थक व्यंग्यधर्मी रचनाओं को इस संकलन में पढ़ा जा सकता है. ये न सिर्फ विसंगतियों पर कटाक्ष करतीं हैं बल्कि पाठक को विचार करने को भी उद्वेलित करती हैं.

श्री राजेंद्र वर्मा जी को इस सार्थक काव्य संग्रह के लिए बहुत बधाई और शुभकामनाएं.




( कविता संग्रह: वा भई वा, कवि : राजेंद्र वर्मा, प्रकाशक : श्वेतवर्णा प्रकाशन, नईदिल्ली, मूल्य :249/ रुपए)


ब्रजेश कानूनगो


( कविता संग्रह: वा भई वा, कवि : राजेंद्र वर्मा, प्रकाशक : श्वेतवर्णा प्रकाशन, नईदिल्ली, मूल्य :249/ रुपए)


ब्रजेश कानूनगो

कि आप शुतुरमुर्ग बने रहें

कि आप शुतुरमुर्ग बने रहें 


किसी कालखंड को समझने में उस दौर के इतिहास से गुजरना होता है. इतिहास पढ़कर ही  किसी भी देश या भूभाग पर तात्कालिक सभ्यता,संस्कृति, भाषा भूषा और संस्कारों के विकास को जान पाते हैं.  आपसी व्यवहार और समाज में उपस्थित अच्छे बुरे पक्षों को जानने समझने का स्रोत भी प्रायः उपलब्ध इतिहास की पुस्तकें ही हुआ करती हैं. सामाजिक उत्कर्ष और पतन के कारणों का पता भी अतीत के समुद्र में गोता लगाकर ही खोजा जाता रहा है. मानव सभ्यता के विकास के साथ ही यह परंपरा आगे बढ़ती रही है.


जब कभी इतिहास को नष्ट किया गया या किन्ही कारणों से पुनर्लेखन किया गया तब उस वक्त के सच पर पर्दा डालने का कार्य भी होता रहा है. ऐसे में भ्रष्ट इतिहास की बजाए प्रबुद्धजन तत्कालीन साहित्य में सच की तलाश करता है. साहित्य में जब भी सजग और सार्थक रचनाकार हुए हैं उन्होंने अपने समय के राजनीतिक,सामाजिक,नैतिक और आर्थिक सच्चाइयों को सहेजने का काम अवश्य किया है. चाहे वह कविता हो, निबंध हो,कहानी या उपन्यास हो अपने समय का सच लोगों के समक्ष रखते रहे हैं. यही साहित्य भविष्य में वैकल्पिक इतिहास की भूमिका का कुछ हद तक निर्वाह करने लगता है. जिस दौर में अप्रिय या कड़वा सच, झूठ के मोहक आवरणों में छुपाया जा रहा हो, इतिहास लेखन संदिग्ध हो तब आगे साहित्य का ही एक आसरा शोधार्थियों के पास बचेगा. ऐसे साहित्यकारों में व्यंग्यकार शांतिलाल जैन भी एक होंगें जिनके लिखे में भविष्य का नागरिक,शोधार्थी आज के सच को जान सकेगा. शांतिलाल जैन का नया व्यंग्य संग्रह ' कि आप शुतुरमुर्ग बनें रहें ' की रचनाएं यह आश्वस्ति पाठकों को देता है.


देश और दुनिया में आज सत्ताओं का एक ऐसा राजनीतिक संक्रमण काल चल रहा है जब चारों तरफ अंधेरों का साम्राज्य पसरा पड़ा है. जो दिखता है वह होता नहीं. जो दिखाया जाता है वह सच से बहुत दूर होता है. जो दस्तावेजों में दर्ज होना चाहिए वह प्रकाश में ही नहीं आता. तब इस दौर की विसंगतियों, मूर्खताओं, पाखंड और अटपटेपन को  भविष्य में शांतिलाल जैन जैसे रचनाकारों की किताबों में खोजा जा सकेगा.


श्री शांतिलाल जैन के प्रस्तुत व्यंग्य संग्रह की भूमिका में वरिष्ठ व्यंग्यकार श्री कैलाश मंडलेकर ने विस्तार से संकलित रचनाओं पर सटीक टिप्पणियां की हैं. उन सब सार्थक सकारात्मक टिप्पणियों से सहमत होते हुए एक पाठक और एक रचनाकार के तौर पर लगता है कि शांतिलाल जैन अपनी किसी भी रचना को अंतिम रूप देने से पहले बहुत चिंतन करते हैं। उसे किस फॉर्मेट में कितने बेहतर ढंग से कहा जा सकता है,इसका धैर्य उनमें अद्भुत है। बात कही भी जाए और संदर्भ ध्वनि से निकल कर आए,सीधे सीधे नहीं। कविता का यह औजार उनके व्यंग्य गद्य में नया बिम्ब रचता है। रचना की प्रस्तुति में उनका ठिठक कर कहना रचना को विश्वसनीय और प्रभावी बना देता है। 


कई बार उनकी रचनाओं में ऐसे विषय और प्रसंग या तथ्य होते हैं जिनकी जानकारी भी सामान्य पाठकों को नहीं होती. कई तकनीकी विषयों और नवाधुनिक सूक्तियों ,विधियों, व्यवहारों को लेकर उनकी व्यंजनात्मक रचनाएं आईं हैं. कहना न होगा ऐसे में लेखक के साथ पाठक की भी अपेक्षित तैयारी जरूरी हो जाती है अन्यथा वह किसी चक्रव्यूह में उलझ भी सकता है.


कई बार शांतिलाल जैन का नियमित पाठक उनका नाम पढ़ते ही रचना की बुनावट और विषय की नवीनता की कल्पना कर प्रस्तुति के एक विशिष्ठ फॉर्मेट की संभावना में पड़ जाता है. विविधता के बावजूद ऐसा होना मुझे निजी तौर पर खटकता है. मुझे लगता है किसी सुपरस्टार की शैली की बजाए शांतिलाल जैन जैसे सहज लेखक अपने सहज लेखन में भी उतना ही असर डालने में समर्थ हैं. जो उनके पूर्व में आए संकलनों की रचनाओं में बखूबी देखा जा सकता है.

वर्तमान समय की विसंगतियों, बेहुदगियों पर,मूर्खताओं पर वे बहुत प्रभावीरूप से चोट करते हैं। मजेदार यह कि  जिस पर रचना टिप्पणी करती है वही व्यक्ति मुस्कुराने पर विवश हो जाता है, किंतु भीतर कहीं न कहीं कांटे की चुभन तो महसूस कर ही लेता होगा।

संग्रह की कुछ रचनाएं कोरोना काल की स्थितियों, विसंगतियों पर लिखी गईं है अन्य रचनाएं भी इसी कालखंड की राजनीतिक,सामाजिक, मानवीय घटनाक्रमों, आचरणों और पाखंड पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करती हैं.

एक तरह से इस कठिन समय में जब हर अच्छी बुरी बात को नजर अंदाज करने में ही सामान्य जन अपनी भलाई देखने लगा है, सब कुछ भला भला लगने के दौर में शांतिलाल जैन का व्यंग्य संग्रह 'कि आप शुतुरमुर्ग बने रहे ' साहस के साथ जरूरी और रचनात्मक प्रतिरोध के रूप में अपने समय की विडंबनाओं को रेखांकित करता है.


श्री शांतिलाल जैन को बहुत बधाई और शुभकामनाएं.



( व्यंग्य संग्रह : कि आप शुतुरमुर्ग बनें रहें, लेखक : शांतिलाल जैन, प्रकाशक : बोधि प्रकाशन,जयपुर, कीमत : ₹200/ )


ब्रजेश कानूनगो

Saturday, March 16, 2024

चोर मचाए शोर

चोर मचाए शोर 

साहित्यिक क्षेत्रों का बहुकथित जुमला है कि इन दिनों खूब मात्रा में व्यंग्य लिखा जा रहा है. वास्तविकता में इसे जुमला नहीं कहा जा सकता. यह सच्चाई भी है कि इन दिनों व्यंग्य रचनाएं बहुत प्रकाशित हो रही हैं. किताबें भी खूब आ रही हैं. व्यंग्य तो पहले भी बहुत लिखे जाते रहे हैं, लेकिन प्रायः अच्छे व्यंग्य ही प्रकाशन का सौभाग्य पाते थे. लेखक और संपादक के स्तर पर पर्याप्त छटनी हो जाती थी. लेखक भी अच्छे बुरे की समझ रखता था. जो बेहतर होता था उसे ही प्रकाश में लाता था. संग्रह भी विलंब से लाता था ताकि बेहतर में से श्रेष्ठ रचनाओं को ही संकलन में दे सके. इसी श्रेष्ठता के इंतजार में अच्छे अच्छे रचनाकारों की पुस्तकें भी प्रकाशित होने से रह जाया करती थीं.


समर्थ लेखक व्यंग्यकार सुनील सक्सेना भी इसी मौके के इंतजार में अपनी पहली पुस्तक लाने का सुख भोगने में विलंबित हो गए. पारिवारिक साहित्यिक पृष्ठभूमि के साथ तेरह चौदह साल की उम्र से लिखने की शुरुआत करने के बावजूद उनकी पहली किताब नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद ही संभव हो पाई. आज की तरह सोशल मीडिया, अखबारों में व्यंग्य कॉलम की दैनिकता और प्रकाशन संस्थानों की सहज उपलब्धता बीस पच्चीस वर्ष पूर्व होती तो उनकी बेहतरीन रचनाओं का संग्रह काफी पहले ही आ चुका होता और उनकी बढ़िया रचनाओं के कारण बेहतरीन व्यंग्यकार के तौर पर उनकी पहचान होकर संभवतः पुरस्कृत भी किए जा चुके होते.


यह बात मैं यों ही नहीं कह रहा. हाल ही में आए उनके पहले व्यंग्य संग्रह 'चोर मचाए शोर ' की रचनाएं पढ़ने के बाद बहुत संतोष और ईमानदारी से कह पाने की स्थिति में हूं. खूब लिखे जा रहे तथाकथित व्यंग्य लेखों के समय में सुनील सक्सेना जी की रचनाएं भी समसामयिक प्रसंगों ,अटपटेपन, विसंगतियों और पाखंड की खबरों से निकलकर ही आती हैं लेकिन उनकी भाषा, पठनीयता और निर्वाह उन्हें विशिष्ठता प्रदान करता है. पठनीयता ही है जो उनकी वैचारिकता और व्यंजना को पाठक के भीतर तक  सहजता से प्रवेश भी कराती है और उसे उद्वेलित भी करती है. वे चाहे बिल्ली के गले में घंटी बांधने की बात करें या अंतरात्मा की, एक अदने से बटन को अपने व्यंग्य का माध्यम बनाएं या सड़क पर पड़े किसी नोट को. सुनील सक्सेना अपनी व्यंग्य दृष्टि को प्रमाणित भी करते हैं और पाठक को बांधे रख कर उस तक अपनी बात पहुंचा देते हैं. आम जनजीवन के रोजमर्रा के जुमले, फिल्मी गीतों के टुकड़े और जनरुचि के कथन उनकी रचनाओं की संप्रेषणीयता को सहज बनाने का काम करते हैं. रंगकर्मी होने का उनका अनुभव भी रचना के सहज संप्रेषण और आनंद को बढ़ाने में सहायक हुआ है. संग्रह की लगभग हर रचना उनके इसी सामर्थ्य को प्रमाणित करती है.


वरिष्ठ लेखक श्री सुनील सक्सेना के विलंब से आए पहले व्यंग्य संग्रह ' चोर मचाए शोर ' का निसंदेह श्रेष्ठ व्यंग्य रचनाओं के पाठकों द्वारा भरपूर स्वागत किया जाना चाहिए. बधाई और शुभकामनाएं.




(पुस्तक : चोर मचाए शोर, व्यंग्यकार : सुनील सक्सेना, प्रकाशक : न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन, नईदिल्ली, मूल्य : 300 रुपए)


ब्रजेश कानूनगो

उत्कृष्ट लघुकथा विमर्श

उत्कृष्ट लघुकथा विमर्श

कोई भी व्यक्ति लेखन का गुण लेकर पैदा नहीं होता. बोलने,सोचने,समझने की शक्तियां धीरे धीरे विकसित होती जाती हैं, बोलने के साथ अभिव्यक्त करने की देह भाषा की तुलना में लिखकर शब्दों में अभिव्यक्ति का माध्यम अपेक्षाकृत रूप से बहुत लंबे अंतराल के बाद अर्जित होता है. वातावरण और उचित पर्यावरण में व्यक्ति के भीतर लिखने पढ़ने की रुचि अवश्य जागृत होने लगती है. मन में उठे विचारों को वह शब्द देने लगता है. क्या जो कुछ वह अभिव्यक्त करता है सब कुछ साहित्य सृजन होता है? हर लिखा साहित्य की श्रेणी में नहीं आता. यह एक वृहद विषय है.


आज हम हिंदी साहित्य की बात करें तो तमाम मतांतरों के बीच आज के समय में व्यंग्य के बाद लघुकथा को सबसे नवीनतम विधा के रूप में मान्यता मिली है. हाल फिलहाल आज के व्यस्त समय में जब साहित्य आम लोगों की प्राथमिक रुचि में नहीं है तब लघुकथा जैसी कम समय लेने वाली रचना पाठकों और रचनाकारों को कुछ अधिक आकर्षित करने लगी है. यह बिल्कुल परीक्षित तथ्य है कि रचना वही हमारे भीतर उतरती है जिसमें संप्रेषण की सफलता के साथ सौंदर्य हो. इसीलिए हरेक विधा का अपना एक सौंदर्य शास्त्र भी विकसित हो जाता है. सौंदर्य शास्त्र के अनुरूप रचना का सृजन उसकी महत्ता और प्रभाव को बढ़ाता है.


व्यंग्य विधा और लघुकथा विधा का सौंदर्य शास्त्र अपने विकास के क्रम में है. ऐसे में बहुतेरे प्रयास भी हो रहे हैं. श्री दीपक गिरकर जैसे प्रबुद्ध पाठक, समीक्षक और रचनाकार ने इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए ' उत्कृष्ट लघुकथा विमर्श ' पुस्तक के माध्यम से बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है. पुस्तक में लघुकथा को लेकर विभिन्न विद्वानों के छब्बीस आलेख हैं. लघुकथा विधा में सृजनरत नव लेखकों के साथ साथ पुराने लेखकों को भी दिशा देने में इनकी उपयोगिता असंदिग्ध है.

इस पुस्तक के दूसरे खंड में अट्ठाइस श्रेष्ठ लघुकथाओं को भी संकलित किया गया है जिनसे विभिन्न शैलियों में और भिन्न विचारों व विषयों को विधा में अभिव्यक्ति देने की कला को निखारने में सहायता मिलती है, समझ का विकास होता है.


लेखन में रुचि रखने वाले व्यक्ति को खासतौर से जो लघुकथा लिखने की कोशिश करता है, एक बार इस पुस्तक को अवश्य पढ़ना चाहिए. श्री दीपक गिरकर जी को इस पहल के लिए हार्दिक बधाई. सीहोर के शिवना प्रकाशन ने इसे बहुत बढ़िया प्रकाशित किया है. आकर्षक आवरण चित्रकार श्री संदीप राशिनकर ने तैयार किया है जो विषयवस्तु की गंभीरता को अभिव्यक्त करता है.  निश्चित ही उत्कर्ष लघुकथा विमर्श का एक महत्वपूर्ण और उपयोगी पुस्तक के रूप में स्वागत किया जाना चाहिए.



( पुस्तक : उत्कर्ष लघुकथा विमर्श, संपादक : दीपक गिरकर, प्रकाशक : शिवना प्रकाशन, सीहोर, कीमत : 400 रुपए)


ब्रजेश कानूनगो

Saturday, January 6, 2024

व्यंग्य के वायरस

व्यंग्य के वायरस :

वायरस नहीं लंबी रेस का घोड़ा है व्यंग्यकार

युवा व्यंग्यकार ऋषभ जैन की रचनाएं यद्यपि पत्र पत्रिकाओं में पढ़ने को मिलती रही हैं किंतु हाल ही में भावना प्रकाशन से आया उनका नवीनतम व्यंग्य संकलन 'व्यंग्य के वायरस' हाथ में आया है। ऋषभ की व्यंग्य दृष्टि और उनकी व्यंग्य भाषा ने खासा प्रभावित किया है।


मेरा मानना रहा है कि भाषा के विद्यार्थी या अध्येता की बजाय विज्ञान अथवा अन्य तकनीकी क्षेत्रों से लेखन में आए व्यक्तियों में व्यंग्य दृष्टि और उसके निर्वाह की क्षमता अपेक्षाकृत अधिक संभव होती है। ऐसा भी नहीं है कि भाषा से आए लोगों ने अच्छा सृजन नहीं किया है किंतु अन्य क्षेत्रों विशेषकर विज्ञान,चिकित्सा,तकनीकी क्षेत्रों में कार्यरत लेखकों को एक विशेष नजरिया और अभिव्यक्ति का खास कौशल अतिरिक्त रूप से मिल जाता है। वे परीक्षण, विश्लेषण के बाद अभिव्यक्ति का जो तरीका या या शैली का चुनाव करते हैं उससे पाठक अधिक चमत्कृत होकर व्यंजना को सहज अनुभव करता है, प्रभावित होता है।

ऋषभ विज्ञान के विद्यार्थी रहे हैं। लेखा और लेखा परीक्षण उनकी आजीविका क्षेत्र है। संग्रह को पढ़ते हुए मेरी अपनी उक्त मान्यता को बल मिला कि उनका संग्रह मुझे इतना क्यों प्रभावित कर रहा।


'व्यंग्य के वायरस ' से पहले उनका एक संग्रह 'रंग रंगीला प्रजातंत्र' आ चुका है। लगातार अभ्यास और सीखते हुए निश्चित ही नवीनतम संग्रह को पिछले संकलन से बेहतर होना ही था। इस नए संकलन में कोराेना महामारी के दौर की विसंगतियों से संबंधित रचनाओं का आधिक्य है किंतु वे हमेशा प्रासंगिक इसलिए रहेंगी कि उनके भीतर जो कथ्य की आत्मा और समय का सच है उनमें सार्वकालिकता दिखाई देती है।


ऋषभ के लिखे में विविध विषयों मसलन इतिहास, दर्शन,राजनीति और प्रशासन तंत्र के अध्ययन और समझ का आलोक उसमें चमक और रोशनी पैदा करता है।


कुछ रचनाओं में ऋषभ जैन किस्सागोई करते नजर आते हैं। कुछ में विक्रम बेताल प्रारूप में भी अच्छी रचनाएं लाते हैं। निश्चित ही उनमें लंबी रचनाओं के सृजन की बड़ी संभावनाएं हैं। पहला व्यंग्य 'अतिशय रगड़ करें यदि नृप भी..' ही इस बात को पुष्ट कर देता है। ' परफ्यूम की सुडौल शीशी' जैसी अनेक रचनाएं ऋषभ जैन के कौशल को प्रमाणित करती हैं।


'फाड़ना मनुष्य का मूलभूत गुण', 'लो आकाश भी बिक गया', 'मंदी मंद होने की उम्मीद 'आदि जैसी कुछ रचनाएं अखबारों के सीमित स्पेस के लिए प्रकाशन के मोहवश भले लिखीं गई हों परंतु वे भी भीड़ से अलग तो हैं ही। फिर भी ऋषभ ऐसे मोह में न पड़ेंगे तो हिंदी व्यंग्य की दौड़ में बहुत आगे तक पहुंचने की ऊर्जा अर्जित कर अपनी पताका फहराने में निश्चित ही कामयाब होंगे। 


बहरहाल, 'व्यंग्य के वायरस' को पढ़ते हुए हिंदी व्यंग्य विकास और बेहतर भविष्य के संकेत मिलते हैं। हरेक रचना बहुत रोचक,पठनीय है और विडंबनाओं और समय की मूर्खताओं पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करने में सफल हुई है। व्यंग्यकार श्री ऋषभ जैन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।




(पुस्तक : व्यंग्य के वायरस, लेखक : ऋषभ जैन, प्रकाशक : भावना प्रकाशन दिल्ली, कीमत: 425 रुपए)


ब्रजेश कानूनगो

कहानी संग्रह ‘वसंत का उजाड़’ पढ़ने के बाद

कहानी संग्रह ‘वसंत का उजाड़’ पढ़ने के बाद

 

वरिष्ठ कथाकार डॉ प्रकाश कान्त के कहानी संग्रह ‘वसंत का उजाड़’ को एक बैठक में नहीं पढ़ा जाना चाहिए। प्रत्येक कहानी स्वाध्याय की मांग करती है। जो कुछ पढ़ते हैं उसको महसूस करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। मैंने कुछ ऐसा ही किया और तेरह कहानियां अलग अलग तेरह दिनों में पढ़कर वास्तविक सुख की अनुभूति की। यही कारण है कि कहानियों को पढ़ते हुए थोड़ा बहुत जो मुझे महसूस हुआ, एक विद्यार्थी पाठक की तरह यहाँ कहने की कोशिश की है। 


प्रत्येक कहानी से गुजरने के  बाद मन पर उसका देर तक गहरा प्रभाव बने रहने के कारण उस कथा समय से लौटने का मन ही नहीं करता। जैसे कहानीकार मेरी अपनी, मेरे अपने अतीत की बात कर रहा हो। अतीत कैसा भी क्यों न रहा हो,अपने में जकड़ लेता है। और कहानी का देशकाल और जीवन चित्रण, पात्र, मुझे अपनी ही स्मृतियों का हिस्सा लगने लगे तो थोड़ा रुकने का मन करता है। अनुभूतियों को फिर फिर प्राप्त करने को जी चाहता है। 


पहली कहानी 'एक नदी-समय के बाद' और आज 'मरुस्थलों के विरुद्ध' पढ़ीं तो ऐसा ही महसूस हुआ। पत्नी,घर,परिवार और साधारण मध्यमवर्गीय व्यक्ति की मनः स्थिति व जीवन शैली की छोटी छोटी बातों, आदतों को इस संवेदनशीलता से कहा गया है कि पाठक भावुक हुए बिना रह ही नहीं सकता। कई जगह तो लेखक और नायक लगभग एक ही लगने लगते हैं। नायक का समय हमारा समय हो जाता है। नायक की संवेदनाएं और संवाद जैसे हमारे ही हो गए हों। वे सामने घटित होते नजर आने लगते हैं। स्वाभाविक,सहज चित्रण जैसे घर में ही सब कुछ चल रहा हो। अद्भुत है। कहानियों से जो रिस कर भीतर उतरता है, उसके लिए फिलहाल कोई उचित शब्द ही नहीं सूझ रहा। वह स्पंदन तो बस पढ़कर ही महसूस किया जा सकता है। 


आमतौर पर मालवी,निमाड़ी में किसी खास औरत के लिए 'सिड़ली' शब्द का प्रयोग बहुत होता है। आदमी के लिए 'सिड़ला' चलन में है। अब इसे खप्ति या सनकी जैसे शब्दों के नजदीक भले रखा जा सके, किन्तु फिर भी इनसे वह बहुत अलग है। यह 'बावला' या 'बावली' से भी अलग है। 'बेंडा' भी ठीक नहीं बैठता। इस प्रकृति या स्वभाव के व्यक्ति को यदि ठीक से समझना है तो आपको डॉ प्रकाशकान्त की कहानी 'सिड़ली' को पढ़ना होगा।


'वसंत का उजाड़' संग्रह की तेरह कहानियों में से 'सिड़ली' कहानी बहुत अनोखी है। अनोखी इसलिए कि यह कहानी मुख्य पात्र के माध्यम से निम्नमध्यम वर्ग की औरत के स्वभाव और मनःस्थिति में आई कर्कशता, कठोरता के पीछे के कारणों पर से बिना किसी बौद्धिक प्रपंच के, बिना किसी नाटकीयता से पर्दा उठाती है। बहुत संभव है ये कहानी आज के महानगरीय पाठकों को अतिशयोक्ति की तरह लगे लेकिन जिन्होंने कस्बों,छोटे शहरों की मिलीजुली बस्तियों को नजदीक से देखा और जिया होगा उनके लिए यह अजूबा नहीं है। वास्तविकता है। बहुत से लोगों ने बचपन के मोहल्लों में ऐसे पात्रों को रोज रोज देखा होगा,अनुभव किया होगा।

कहानी की औरत के अपने दुख हैं, जवान होती दो बेटियां हैं,संताप हैं, अशिक्षा है, लगभग निष्क्रिय सा मर्द है। बेटियों को लेकर शादी की चिंताएं हैं। शक है,असुरक्षा है। कई कारण हैं जो व्यक्ति को चिड़चिड़ा, आक्रामक, गुस्सैल,अशिष्ट,असभ्य बना देते हैं। कहानी की नायिका को इन्ही सब विशेषताओं की वजह से 'सिड़ली' कहा गया है। ऐसे में नायिका को भी समाज की बहुत बड़े वर्ग की स्त्रियों की तरह ही ईश्वर का सहारा और धार्मिकता में समस्याओं का रास्ता नजर आने लगता है। लेकिन यहां भी तो बहुत सारी असुरक्षा व्याप्त है, शक से छुटकारा नहीं। परिवार की तबाही के बाद 'हरे राम हरे कृष्णा' कहती दोहराती 'सिड़ली' अपना संतुलन पूरी तरह खो बैठती है। कहानी समाज के निम्न वर्ग के जीवन को मनोविज्ञानिक दृष्टिकोण से सूक्ष्मता से अभिव्यक्त करती है। 


कहानी के लिए मुख्य पात्र को चुनना बहुत महत्वपूर्ण होता है। प्रकाश कांत जी का इस चयन में किसी से कोई मुकाबला ही नहीं। एक तरफ दबंग और लड़ाकू प्रकृति की 'सिड़ली' जैसी अपने ही दुखों में डूबी औरत है तो दूसरी ओर 'बाबू बिगुलवाला' जैसा सामान्य कांस्टेबल भी है जो पुलिस गतिविधियों में बस 'बिगुल' बजाने की नौकरी करता है। 

'बिगुल' कहानी पढ़ते हुए बरबस मुझे देवास के कलाकार बशीरखां याद आए। वे एक दुर्लभ वाद्य 'नसतरंग' बजाया करते थे। बजाया क्या करते थे,उन्होंने इस वाद्य के वादन में अपना जीवन होम कर दिया था। वाद्य को गले की नस पर रखकर अपनी धमनियों में हवा भरकर कम्पन करके इसे बजाते थे। बाद में फेफड़ों ने जवाब दे दिया। बीमारी का इलाज करवाते हुए ही चल बसे। कहानी का नायक बिगुल बजाता है। शंख फूंकने जैसा ही कष्ट साध्य काम। पर यही तो रोजी रोटी है बाबू बिगुलवाले की। पुलिस विभाग की ड्यूटी के दौरान पुलिस लाइन की हर रोलकाल में ,सलामी,श्रद्धांजलि के वक्त जरूरी वादन, बिगुल की गूंज। इसके अपने राग,अपनी खास धुने। जैसे बाबू बिगुलवाले के जीवन की लय, उसकी अपनी खांसी। 


कहानीकार बिगुल के माध्यम से कहानी में बड़े अच्छे रूपक रचते हैं। जिनमें व्यंग्य है,जमाने की व्यथा है। करुणा है। फैंटेसी भी कहीं कहीं। बापू भी बिगुल बजाते हैं। कृष्ण और शिव भी बिगुल फूंकते हैं शंख है उनका बिगुल यहां। शंख फूंकना, बिगुल फूंकना। जन जागरण और इंकलाब का बिम्ब। पर गांधी के बिगुल फूंकने से अब कोई नहीं जुटता। पुलिस वाले जमा होते हैं तो वे भी अपनी नौकरी की वजह से। गांधी का बिगुल प्रभावहीन हो जाता है। कहानी की ध्वनि में यही संकेत है । सांकेतिकता में बड़ी बातें हैं यहां।

हर मय्यत में दूसरों के लिए बिगुल बजाने वाले बाबू की हत्या हो जाती है। दंगों में एक बेबस लड़की की आबरू बचाने में दंगाइयों के चाकुओं से घायल बाबू बिगुलवाला शहीद हो जाता है। 

श्रद्धांजलि स्वरूप बिगुल यहां भी बजाया जाता है। बाबू की जगह अब यह जिम्मेदारी ओंकार के पास है।


कथासंग्रह की पांचवी कहानी है 'कोंडवाड़ा'। शीर्षक पहली बार में एकदम से समझ में नहीं आया लेकिन एकाध पेरा पढ़ते ही पता चल जाता है कि यह कहानी नगर प्रशासन के 'काँजी हाउस' जैसे विभाग के एक अदने कर्मचारी बशीर खाँ पर केंद्रित है। मुझे यह स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं कि मैं 'कोंडवाड़ा' शब्द से अब तक परिचित नहीं था। 'काँजी हाउस' को ही जानता,समझता था। शीर्षक के साथ साथ कहानी के निर्वाह को पढ़कर ही समझा जा सकता है कि कहानीकार प्रकाश कांत जी विषय से सम्बंधित समूचे वातावरण और जीवन से कितनी शिद्दत से जुड़कर कहानी रचते हैं। रचते ? शायद यह कहना उचित नहीं होगा। कहना चाहिए विषयवस्तु को जीते हैं और अपनी अभिव्यक्ति से पाठक को भी वहां ले कर चले आते हैं। लेखक के साथ साथ पाठक भी कहानी के पात्र बशीर खां का ही हिस्सा होकर दृश्य और उन्ही मनःस्थितियों से गुजरने लगता है।


हिंदी फिल्मों के चरित्र अभिनेता प्राण साहब के बारे में कहा जाता था कि वे किसी चरित्र को निभाने से पूर्व कुछ समय उसी परिवेश और उस तरह के व्यक्ति के साथ बिताते थे। बताते हैं शबाना आजमी ने भी 'मंडी' जैसी फ़िल्म में तवायफ की भूमिका के पहले किसी कोठे के वातावरण को कुछ दिन महसूस किया था।  स्वाभाविक और ईमानदार अभिव्यक्ति की यही एप्रोच मुझे प्रकाशकान्त जी की रचना में भी अनुभव होती है। निश्चित ही 'कोंडवाड़ा' जैसी रचना लिखते हुए बहुत संभव है उन्होंने काँजी हाउस के इंचार्ज और अदने कर्मचारी से दोस्ती की होगी। इस कहानी में उनके बारीक निरीक्षणों से यह बहुत आसानी से समझा जा सकता है। चाहे वह काँजी हाउस दफ्तर का बरसों पुराना 'इंक पेड' हो या रसीद कट्टे हों अथवा फटा पुराना खाकी कागज का इंद्राज रजिस्टर। 

बशीर खाँ बहुत सीधा सादा लेकिन अपने काम के प्रति बहुत निष्ठावान और ईमानदार है। मुस्लिम है। नमाजी है। रोजे भी रखने की कोशिश करता है। लेकिन काम के आगे नमाजें और रोजे भी छूट जाएं तो छूट जाएं। इसके बावजूद या इसके कारण भी उसका शोषण है। ईमानदारी और कर्मठता के बावजूद सस्पेंड होता है। दंडित किया जाता है। यही कारण है कि कहानी के अदृश्य पात्र 'पाठक मास्टर' की बात ठीक लगती है, 'बशीर मियां,जब तुम्हारी यहां से रसीद कटेगी न प्यारे,तो बिना तुम्हारे दस्तखत या अंगूठा निशानी लिए ही कटेगी।'

कहानी के पाठक के भीतर भी यह बात उतार देने में प्रकाश कांत सफल होते हैं।

कहानीकार ने बशीर खाँ, उसकी पत्नी,बेटे,खाला आदि के जरिये घनी तंग बस्तियों के जीवन और खासतौर से निम्न वर्गीय गरीब,परेशान मुस्लिम परिवारों की कठिनाइयों व जीवन शैली की बड़ी मार्मिक तस्वीर 'कोंडवाड़ा' में चित्रित की है। कहानी तब और भीतर तक उतर जाती है जब संकेत होता है, यह दुनिया भी तो किसी बड़े 'कोंडवाड़ा' से कम नहीं।


‘भीतर बाहर से बंद इतिहास’, संग्रह की अपेक्षाकृत थोड़ी लम्बी कहानी है। संग्रहालय, पुरातत्व और इतिहास जैसे कर्कटी और प्रायः बोझिल विषय को प्रकाशकान्त जी ने संवेदनाओं की बूंदों से ऐसी स्निग्धता प्रदान की है कि पता ही नहीं चलता कि कब इतने सारे पन्ने पढ़ लिए गए। यह इस कहानी की खास विशेषता है। 'कोंडवाड़ा' कहानी के मुख्य किरदार बशीर खाँ की तरह ही इस कहानी का मुख्य पात्र भी एक साधारण सा समय की मार खाया  आम कर्मचारी और संग्रहालय का अदना इंचार्ज है। प्रकाशकान्त जी के ज्यादातर पात्र समाज या व्यवस्था की निचली पायदान से ही निकलकर आते हैं। बरसों से नगर निगम के उपेक्षित से संग्रहालय का कामकाज देखने वाला बुजुर्ग व्यक्ति खुद भी किसी खंडित मूर्ति या शिल्प की तरह ही होते जाता है। यहां तक कि उसी की बेटी के शब्दों में उनके कपड़ों से ही इतिहास की गंध आती है। इतिहास को लेकर कहानी में कई विचार पूर्ण संदर्भ बहुत प्रभावी रूप से किन्तु बहुत सहजता से बहते रहते हैं।


हमारा पूर्वाग्रह यही रहा है कि इतिहास आदि जैसे विषय में नीरसता होगी ही, कहानी से गुजरते हुए इसके ठीक उलट, बहुत से हिस्से में खासकर बेटी विनी के साथ के प्रसंगों को पढ़ते हुए हम बहुत हल्के हो जाते हैं। जगह जगह बहुत विनोदपूर्ण संवादों के कारण मुस्कुराने के साथ मन भाव विह्वल हो जाता है। चाहे गंदे अक्षरों को सुधारने में विनी की अनेक बहाने बनाने की आदत हो। उसी विनी की शादी के बाद माँ पिता को उसके द्वारा लिखे खत मिलने पर उसे बार बार पढ़ना और भीग भीग जाना हो।

बेटी कहती है, पिताजी आपके जूते लार्ड क्लाइव के हैं। घड़ी सुभाषचन्द्र बोस की। चश्मा चर्चिल का। फाउंटेन पेन भगतसिंह का और साइकिल वही जिसका इस्तेमाल सांडर्स को मारने के लिए लाहौर के पुलिस थाने के सामने किया गया था...। पिता कहते हैं, तब तो मुझे संग्रहालय में रख देना चाहिए! तो फिर अभी आप कहाँ हैं। वहीं तो हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि आपको घर आने जाने की सुविधा मिली हुई है। बेटी हंसती है।

कितना निर्मल लेकिन कितना विचारित, सांकेतिक विनोद। ऐसे कई मार्मिक प्रसंग कहानी की स्निग्धता है। पाठक के भीतर करुणा का संचार करती अद्भुत रचना जो मूल विषयवस्तु का सूत्र प्रारम्भ से अंत तक थामे हुए रहती है।

'आपका 'आज' हमेशा बीते हुए कल में रहता है। आपका 'आज' कभी भी अपने में नहीं रहे।अब निकलो इस बीते हुए कल से और जितने 'आज' बचे हों, आज की तरह ही जी लो। आखिर कब तक मरे हुए कल में रहोगे।' 

इन शुरुआती और सारगर्भित पंक्तियों से शुरू हुई यह कहानी अंत में दंगों का इतिहास दोहराती है। संग्रहालय का बूढा इंचार्ज अपने को खंडित मूर्तियों की ओट में छुपाते हुए स्वयं इतिहास हो जाता है। भीतर इतिहास बन्द होता है। बाहर संग्रहालय के गेट पर कोई ताला जड़ जाता है। इतिहास बाहर,भीतर दोनों तरफ से बंद हो जाता है।


'आजाद अटालेवाला' कहानी में लेखक का सूक्ष्म अवलोकन पुनः हमारा ध्यान खींचता है। अटालेवाला या वह कबाड़ी किस तरह सोता बैठता है,रहता है सब कुछ। उसका बोलना,टॉवेल लपेटकर कुल्ला करना। इसमें सबसे बढ़िया है अटाले में आई वस्तुओं से अपने जीवन की जरूरतों के लिए किया गया जुगाड़। जुगाड़ भी ऐसा जैसे किसी देह की शल्यक्रिया। बहुत रोचक चित्रण है। उसके द्वारा की जाने वाली चीजो की सर्जरी का चित्रण पढ़ने में बड़ा आनन्द आता है। टूटी फूटी बेकार वस्तुओं की हार्ट सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट। अद्भुत है। जुगाड़ के रेडियो का बजना। पढ़कर ही आनन्द लिया जा सकता है। मैंने तो इस तरह का बारीक और सटीक चित्रण किसी व्यंग्य रचना में भी अब तक नही पढा है। बहुत खास और अद्भुत है यह वर्णन। 'आजाद अटालेवाला।


समाज के मामूली आदमी को अपनी कहानी का मुख्य पात्र बनाने की खास पसंद को आगे बढाते हुए जहां डॉ प्रकाशकान्त ने 'आजाद अटालेवाला' लिखी है वहीं 'अब इस तरह' में उनका नायक अपने ही कस्बे में बरसों बाद अपनी पोस्टिंग के दौरान लोहारी का काम करने वाले बुजुर्ग 'रहमत खाँ' से मिलकर बचपन के उस दौर की मार्मिक स्मृतियों को याद करके भीग भीग जाता है। इस कहानी में 'आधार कार्ड' जैसा मुद्दा भी अर्थपूर्ण सन्दर्भों  के साथ नजर आता है। संस्थाओं में बुजुर्ग लोगों की परेशानियों के बीच नायक का उनके साथ संवेदनशील रवैया आशा जगाता है। 


शीर्षक कथा 'वसंत का उजाड़' में लेखक छोटे कस्बे की एक संगीत गोष्ठी के आयोजन का सजीव चित्र खींचते हैं। बरसों बाद अपने ही कस्बे में लौटा एक सामान्य गायक पंडित रामप्रसाद शास्त्री अपने ही लोगों के बीच अपने हुनर  से उस गोष्ठी को यादगार बना देने के स्वप्न के साथ शानदार प्रदर्शन करते हैं किंतु इस खास 'वसंत गोष्ठी' में अचानक एसडीएम साहब जैसे माननीय के आ जाने से गोष्ठी और रसिको में 'उजाड़' की स्थिति बन जाती है। अपने शहर में अपनों के बीच हर सफल व्यक्ति को अपने श्रेष्ठतम प्रदर्शन और मान पाने की जैसी मानवीय तमन्ना रहती है.  इस कहानी में यही भावना सफलता से रेखांकित हुई है।


'लिपियों के तहखाने' कहानी हमें एक बार फिर ऐसे अतीत में ले जाती है जहां 'आजूबा' जैसे खास किरदार के बहाने कहानीकार मराठी में बने दस्तावेजो में 'मोड़ी' जैसी लुप्त लिपि की बात करते हैं। उस जीवन की भी बात करते हैं जो प्रायः अब लुप्त ही है। मोड़ी जानने समझने वाले आजूबा याने टी जी नान्देड़कर जैसे चरित्र भी अब दिखाई नहीं देते। मोड़ी लिपि की तरह ही स्मृतियों के तहखाने में न जाने कहाँ दबे पड़े हैं। सम्भव है यह कहानी लेखक के वास्तविक जीवन से नजदीक का रिश्ता रखती हो। यही कारण है कि यह कहानी नहीं एक तरह से 'दृश्यनवीसी' है। एक एक दृश्य इस तरह लिखा गया है जैसे लेखक स्मृतियों के तहखाने में चाबियों का गुच्छा लेकर उतर पड़ा हो।


'आजादी का प्रसाद' का बूढा व्यक्ति हो या  'उजाड़ की तरफ' का पिता और उसकी की व्यथा, कहानियां मामूली आदमी की थकान और निराशा को ही करुणा के साथ बयान करती हैं। कहानी 'उजाड़ की उस तरफ'  का मुख्य पात्र जीवन में उदासी और ऐसे ही अंधेरों और परेशानी से घिरा है। घर,दफ्तर,जीवन में हर तरफ अंधेरे में डूबा एक पिता किस तरह अखबारों में छपने वाले भविष्यफल देखता उजाले की आशा में जी रहा होता है। अद्भुत है। इसी तरह मुंहबोले रिश्तों के निर्वाह और सुख दुख में रक्त संबंधों से बेहतर साथ निभाने वाले आत्मीय मामाजी हैं संग्रह की अंतिम कहानी 'सूखते हुए दरख्त' में। 


इस संग्रह की सभी कहानियां समाज के बहुत मामूली लोगों के जीवन,उनकी मुश्किलों और उनके संघर्षों के सजीव चित्र कहे जा सकते हैं। उनकी निष्ठा, ईमानदारी और सहज जीवन ही उनके कष्टों का कारण किस तरह बन जाता है यह सब बहुत संवेदनाओं के साथ ज्यादातर कहानियों में अभिव्यक्त हुआ है। आलोचना के शब्दों में कहें तो करुणा,आक्रोश, सुख,दुःख सब कुछ कहीं भीतर ही भीतर बहता, रिसता रहता है. बिना किसी उद्घोष के लोगों की छोटी छोटी लड़ाइयों के बिगुल बनती ये कहानियां मामूली लोगों की उम्मीदों और सपनों के पूरा होने की आकांक्षा को भी रेखांकित करती हैं।   



(पुस्तक : वसंत का उजाड़, लेखक : प्रकाश कान्त, प्रकाशक : अंतिका प्रकाशन प्रा. लि., गाजियाबाद, कीमत : रु 350 )


ब्रजेश कानूनगो